8 October 2026

‘उम्मीद, एकता और महंगाई से राहत’ के बुलंद नारे के साथ ओलिविया चाउ ने टोरंटो मेयर पद के लिए री-इलेक्शन अभियान की भव्य शुरुआत की

    Olivia Chow speaking to supporters during her September 10, 2026 re-election campaign launch at Toronto’s Danforth Music Hall : Pictures Provided by Press Office | Olivia Chow Campa

    ध्वनि न्यूज़ ऑनलाइन | टोरंटो

    टोरंटो की मेयर ओलिविया चाउ ने गुरुवार, 10 सितंबर की शाम 2026 के म्युनिसिपल चुनाव के लिए अपने री-इलेक्शन अभियान की आधिकारिक और भव्य शुरुआत की। शहर के डैनफोर्थ म्यूज़िक हॉल में आयोजित विशाल रैली में उन्होंने अफोर्डेबिलिटी, हाउसिंग, पब्लिक सर्विसेज़, कम्युनिटी सेफ्टी और एकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता देते हुए चुनावी अभियान की दिशा स्पष्ट कर दी।

    अभियान टीम द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस लॉन्चिंग कार्यक्रम में करीब 1,000 उत्साही समर्थकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में टोरंटो की सांस्कृतिक विविधता की झलक भी दिखाई दी। विशेष प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न वक्ताओं ने सिटी हॉल में चाउ के कामकाज और सामाजिक क्षेत्र में उनके लंबे योगदान की सराहना की।

    कनाडाई संगीतकार और ब्लू रोडियो के सह-संस्थापक जिम कड्डी, स्कारबरो के कॉमेडियन सुनथर वी, टोरंटो की रैपर दिजाहएसबी और पैन फैंटेसी स्टीलबैंड ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। वक्ताओं में ओंटारियो के पहले पोएट लॉरिएट रैंडेल एडजेई, सोशल वर्क लीडर लॉरेल रोथमैन तथा ACORN लीडर और पैरालीगल रायन एंडोह जैसे प्रमुख नाम शामिल थे।

    चाउ ने अपने संबोधन में आगामी चुनाव को टोरंटो के भविष्य और शहर की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण मोड़ बताया। उन्होंने समर्थकों से सीधा सवाल किया कि क्या टोरंटो डर के बजाय उम्मीद, विभाजन के बजाय एकता और पीछे जाने के बजाय आगे बढ़ने के लिए तैयार है।?

    अपने प्रभावशाली संबोधन में ओलिविया चाउ ने अपने राजनीतिक विज़न को अपनी निजी जीवन यात्रा से भी जोड़ा। टोरंटो में पली-बढ़ी एक इमग्रन्ट महिला के रूप में उन्होंने नेथन फिलिप्स स्क्वायर पर स्केटिंग सीखने, सेंटर आइलैंड पर साइकिल चलाने, टोरंटो रेफरेंस लाइब्रेरी में बिताए समय और लेक ओंटारियो से जुड़ी यादों को साझा किया।

    उन्होंने खुद को सेंट जेम्स टाउन की एक इमग्रन्ट बच्ची के रूप में याद किया, जो आज टोरंटो की मेयर है। चाउ ने जोर देकर कहा कि टोरंटो की सार्वजनिक जगहों और सार्वजनिक सेवाओं ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर दिए और आज भी शहर के लाखों परिवारों के लिए ऐसी सेवाएं बेहद जरूरी हैं।

    उनके भाषण का सबसे भावनात्मक हिस्सा बच्चों में भूख और पोषण से जुड़ा रहा। अपने दिवंगत पति और पूर्व संघीय एनडीपी नेता जैक लेटन के साथ करीब 35 वर्ष पहले हुई चर्चाओं को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका सपना था कि टोरंटो के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पर्याप्त भोजन मिले।

    चाउ के अनुसार, आज स्कूल फूड प्रोग्राम का जिस स्तर पर विस्तार हुआ है, वह इस बात का उदाहरण है कि जब म्युनिसिपल सरकार सार्वजनिक सेवाओं को केवल टैक्स के बोझ के रूप में नहीं, बल्कि परिवारों और बच्चों के भविष्य में निवेश के रूप में देखती है, तो सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।

    मेयर ने अफोर्डेबल हाउसिंग को भी अपने चुनाव अभियान का प्रमुख केंद्र बनाया। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके मेयर बनने से पहले शहर में जरूरत के अनुरूप किफायती आवासों का निर्माण नहीं हो रहा था। उनके कार्यकाल में सिटी एडमिनिस्ट्रेशन ने इस दिशा में बदलाव किया और वर्तमान में हजारों नए अफोर्डेबल होम्स निर्माणाधीन हैं।

    ट्रांजिट के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि टीटीसी यात्रियों के किराये को नियंत्रित रखते हुए सुविधाओं और सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया गया है। लाइब्रेरी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए शहर की सभी 100 पब्लिक लाइब्रेरी शाखाओं को सप्ताह के सातों दिन अधिक समय तक खुला रखने का फैसला भी लिया गया। इसके अलावा 911 रिस्पॉन्स टाइम में सुधार और मानसिक स्वास्थ्य संकट से निपटने के लिए क्राइसिस वर्कर्स की पूरे शहर में तैनाती को भी उनकी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में पेश किया गया।

    आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे निवासियों की चिंता का उल्लेख करते हुए चाउ ने कहा कि महंगाई, ग्रोसरी और किराये की बढ़ती कीमतें आज परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। इसके साथ ही ग्लोबल ट्रेड और अमेरिकी टैरिफ के कारण नई आर्थिक अनिश्चितताएं पैदा हुई हैं।

    उन्होंने कहा कि इसी वजह से उनका मॉडल स्कूल फूड, किफायती ट्रांजिट, किरायेदारों के लिए मजबूत संरक्षण कानून और वरिष्ठ नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराकर परिवारों के घरेलू खर्च को कम करने पर केंद्रित है। अपनी प्रॉपर्टी का उचित देखभाल नहीं करने वाले मकान मालिकों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि किरायेदारों को भी सम्मान के साथ रहने का पूरा अधिकार है।

    अपने संबोधन के अंत में चाउ ने नागरिकों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि सिटी सरकार ने जो मजबूत आधार तैयार किया है, उस पर आगे बढ़ने और अधूरे कामों को पूरा करने के लिए जनता का साथ जरूरी है।

    इस अभियान की शुरुआत के साथ ही टोरंटो म्युनिसिपल चुनाव 2026 की राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। आने वाले दिनों में चाउ के सामने अपनी सरकार की उपलब्धियों को मतदाताओं के सामने मजबूती से रखने के साथ-साथ हाउसिंग, होमलेसनेस, पब्लिक सेफ्टी और ट्रैफिक जैसे लंबित मुद्दों पर जवाब देने की चुनौती भी रहेगी।

    टोरंटो के मतदाताओं के लिए आने वाले महीने सभी उम्मीदवारों के रिपोर्ट कार्ड, नीतियों और भविष्य के विज़न को परखने का महत्वपूर्ण अवसर होंगे।

    Share with friends

    What do you feel about this?

    You may have missed

    Total
    0
    Share